हरिद्वार में कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक, 25 जुलाई तक सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश

हरिद्वार में कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक, 25 जुलाई तक सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

आगामी कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ मेले से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं हर हाल में 25 जुलाई तक पूर्ण कर ली जाएं, ताकि मेले के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो और श्रद्धालुओं को सुगम वातावरण मिल सके।

इस वर्ष कांवड़ मेला 30 जुलाई से 11 अगस्त तक आयोजित होगा। बैठक के दौरान यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों पर विशेष सुरक्षा उपाय, सीसीटीवी निगरानी, बैरिकेडिंग, आपदा प्रबंधन और आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि कांवड़ यात्रा 2026 को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी विभागों के साथ लगातार बैठकें की जा रही हैं। पुलिस विभाग सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की जा रही है और आवश्यक कार्यों को तेजी से पूरा किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि एनएच के कार्यों के साथ-साथ कुंभ मेले की तैयारियों को भी ध्यान में रखा जा रहा है। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग, बिजली, पानी, नगर निगम, खाद्य आपूर्ति विभाग और मानसून से जुड़ी व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने कहा कि बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए रूट प्लान और ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष रूप से काम किया जा रहा है, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की जाम या असुविधा की स्थिति उत्पन्न न हो।

उन्होंने सभी शिव भक्तों से अपील की कि वे मां गंगा की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें और कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें। उन्होंने कहा कि इस बार कांवड़ मेले को “हरित कांवड़ मेला” के रूप में आयोजित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसके लिए सभी का सहयोग आवश्यक है।