थराली में गर्भवती महिला की मौत से स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल, कांग्रेस विधायक ने सरकार को घेरा

थराली में गर्भवती महिला की मौत से स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल, कांग्रेस विधायक ने सरकार को घेरा

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

बीते दिन चमोली जिले के थराली क्षेत्र में एक गर्भवती महिला की मौत के बाद उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। घटना के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है।

परिजनों का कहना है कि समय पर और उचित उपचार न मिलने के कारण महिला की जान नहीं बचाई जा सकी। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और स्थानीय लोगों में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर नाराजगी भी देखी जा रही है।

इस मामले पर बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि जिस घर में खुशियां आने वाली थीं, वहां मातम छा गया, जो पहाड़ी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की गंभीर स्थिति को दर्शाता है।

विधायक ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार पर्वतीय क्षेत्रों की स्वास्थ्य व्यवस्था को लगातार अनदेखा कर रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आम लोगों को समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा है।

उन्होंने कहा कि इससे पहले भी कर्णप्रयाग और गोपेश्वर में इसी तरह प्रसूता महिलाओं की मौत के मामले सामने आ चुके हैं, जिन पर उन्होंने विधानसभा में भी मुद्दा उठाया था, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।

लखपत बुटोला ने कहा कि उन्होंने इस समस्या को स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष भी रखा था, लेकिन इसके बावजूद जमीनी स्तर पर हालात अभी भी बेहद खराब बने हुए हैं। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की मांग की।

स्थानीय लोगों ने भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करने की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।