

स्थान : अल्मोड़ा
ब्यूरो रिपोर्ट

प्रदेश सरकार द्वारा अल्मोड़ा के अस्पताल में तैनात डॉक्टरों के ट्रांसफर किए जाने के विरोध में विभिन्न संगठनों ने नाराजगी जताई है। संगठनों ने ट्रांसफर आदेश को तत्काल निरस्त करने की मांग की है। इसी मुद्दे को लेकर शहर में राजनीतिक माहौल गरमा गया है।


इसी क्रम में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चौहानपाटा में मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री का पुतला दहन करने का प्रयास किया। जैसे ही कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे, वहां बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा और स्थिति पर नजर बनाए रखी गई।



पुतला दहन रोकने के प्रयास में पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच छीना-झपटी की स्थिति बन गई। इसके बावजूद कार्यकर्ताओं ने विरोध जारी रखा और पुतला दहन कर दिया, जिससे मौके पर कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया।


इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और “प्रदेश सरकार मुर्दाबाद” तथा “पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद” के नारे लगाए। प्रदर्शन स्थल पर माहौल काफी देर तक गरमाया रहा।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र भोज ‘गुड्डू’ ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार जनता को लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने का अवसर नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति लोकतंत्र में दुर्भाग्यपूर्ण है और ऐसा पहले कभी देखने को नहीं मिला।

उन्होंने कहा कि डॉक्टरों के ट्रांसफर से जिले की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होंगी, जिसका सीधा असर मरीजों पर पड़ेगा। इसलिए सरकार को तत्काल ट्रांसफर आदेश निरस्त करना चाहिए।


पुलिस प्रशासन ने मौके पर स्थिति को नियंत्रित कर लिया। अधिकारियों ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं और पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है।

