

स्थान : रानीखेत
रिपोर्टर : संजय जोशी

ताड़ीखेत विकासखंड के ग्राम सभा बहरो में पेयजल संकट को लेकर स्थानीय लोगों की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य विमला रावत ने गांव में पहुंचकर जीर्ण-शीर्ण पानी के टैंक और क्षतिग्रस्त पाइपलाइन का निरीक्षण किया।


निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि पुरानी जलागम योजना के तहत बने कई टैंक भी जर्जर स्थिति में हैं, जिसके कारण ग्रामीणों को नियमित रूप से पानी की आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। इससे गांव में पेयजल संकट गहराता जा रहा है और लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए परेशान होना पड़ रहा है।



इस संबंध में विमला रावत ने जल संस्थान और जल निगम के अधिकारियों से बातचीत कर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि उन्होंने इस मामले से जिलाधिकारी को भी अवगत करा दिया है, ताकि समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके।


अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सरकार की ओर से पुरानी जल स्रोतों के पुनर्निर्माण तथा जल संरक्षण एवं जल संवर्धन योजनाओं के तहत कार्य किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को मजबूत किया जा सके।

विमला रावत ने ग्रामीणों को जल संरक्षण और जल संवर्धन के महत्व के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यदि लोग पानी का सही उपयोग और संरक्षण करेंगे तो भविष्य में जल संकट की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

निरीक्षण के दौरान ग्राम विकास अधिकारी दीपक आगरी, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि आनंद बिष्ट, पूर्व ग्राम प्रधान मदन सिंह बिष्ट, खड़क सिंह बिष्ट, महेंद्र सिंह बिष्ट, भागीरथी बिष्ट, धनौली देवी, हरीश बिष्ट, नवीन रावत, विपिन उप्रेती सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।


ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द क्षतिग्रस्त पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, ताकि उन्हें पानी की समस्या से स्थायी राहत मिल सके।:::

