मासिक अपराध गोष्ठी में एसपी चमोली के सख्त निर्देश, मानसून, कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण पर फोकस

मासिक अपराध गोष्ठी में एसपी चमोली के सख्त निर्देश, मानसून, कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण पर फोकस

स्थान : चमोली
ब्यूरो रिपोर्ट

पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार ने पुलिस कार्यालय सभागार में आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों तथा विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और मानसून तैयारियों की समीक्षा की बैठक की शुरुआत कर्मचारी सम्मेलन से हुई, जिसमें पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

गोष्ठी में एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और संवेदनशील मामलों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई की जाए। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखते हुए आपत्तिजनक और भ्रामक पोस्ट करने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

मानसून सीजन को देखते हुए एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए उन्होंने कहा कि आपदा राहत एवं बचाव उपकरण 24 घंटे क्रियाशील स्थिति में रखे जाएं तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर लगातार निगरानी रखी जाए सड़क बंद होने की स्थिति में संबंधित विभागों से समन्वय कर मार्ग जल्द खुलवाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में जनपद की सभी फायर यूनिटों को कोचिंग संस्थानों, अस्पतालों, सरकारी और निजी कार्यालयों, होटलों, हॉस्टलों, वेडिंग प्वाइंट्स तथा अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नियमित फायर सेफ्टी ऑडिट करने के निर्देश दिए गए साथ ही “ऑपरेशन प्रहार” के तहत फरार, वांछित और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी, सत्यापन अभियान तथा संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई तेज करने के निर्देश भी जारी किए गए।

गोष्ठी के दौरान सड़क दुर्घटनाओं के ऑनलाइन डेटा प्रबंधन के लिए i-RAD और MACT प्रणाली पर प्रशिक्षण दिया गया वहीं साइबर सेल द्वारा MRM, GRM और सहयोग पोर्टल के प्रभावी संचालन, शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण और ऑनलाइन मॉनिटरिंग को लेकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विस्तृत जानकारी प्रदान की गई एसपी ने अज्ञात शवों की शीघ्र शिनाख्त, गुमशुदा व्यक्तियों की बरामदगी और लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

बैठक के अंत में उत्कृष्ट कार्य के लिए उपनिरीक्षक देवेन्द्र भारती को “पुलिस मैन ऑफ द मंथ” चुना गया। इसके अलावा सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट, पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेन्द्र सिंह राणा सहित जिले के सभी थाना प्रभारी एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।