उत्तराखंड के ग्रामीण उत्पाद अब पेट्रोल पंपों पर, ‘हिलान्स आउटलेट’ से मिलेगा लोकल को ग्लोबल बाजार

उत्तराखंड के ग्रामीण उत्पाद अब पेट्रोल पंपों पर, ‘हिलान्स आउटलेट’ से मिलेगा लोकल को ग्लोबल बाजार

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड के ग्रामीण उत्पादों को बड़ा बाजार देने और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। रीप परियोजना और देहरादून जिला प्रशासन के सहयोग से अब राज्य के पेट्रोल पंपों पर ‘हिलान्स आउटलेट’ स्थापित किए जाएंगे, जहां पहाड़ी उत्पादों की बिक्री की जाएगी।

इस पहल के तहत जिला प्रशासन और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) के बीच एमओयू हुआ है। इसके बाद प्रदेश का पहला हिलान्स आउटलेट डोईवाला क्षेत्र के फन एंड फूड किंगडम वाटर पार्क के पास स्थित आईओसीएल पेट्रोल पंप पर शुरू किया जाएगा।

इस आउटलेट में पहाड़ी दालें, पारंपरिक मसाले, जड़ी-बूटियां, डेयरी उत्पाद, स्थानीय खाद्य सामग्री और हस्तशिल्प उत्पाद उपलब्ध रहेंगे। इससे न केवल स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि पर्यटकों को भी एक ही स्थान पर उत्तराखंड के पारंपरिक स्वाद और संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

जिला परियोजना प्रबंधक सोनम गुप्ता ने बताया कि इस पहल से लाखों पर्यटक सीधे स्थानीय उत्पादों की खरीद कर सकेंगे, जिससे स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि यह मॉडल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में अहम भूमिका निभाएगा।

इस योजना को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ‘वोकल फॉर लोकल’ और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सरकार का उद्देश्य है कि ग्रामीण क्षेत्रों में तैयार हो रहे उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराया जाए, ताकि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ सकें।

अब पेट्रोल पंपों पर ईंधन भरवाने के साथ ही पर्यटक उत्तराखंड के पारंपरिक स्वाद और संस्कृति से भी जुड़ सकेंगे। यह पहल न केवल ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत करेगी, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक नई शुरुआत साबित होगी।