हरिद्वार में मुस्कान फाउंडेशन द्वारा भव्य सम्मान समारोह का आयोजन

हरिद्वार में मुस्कान फाउंडेशन द्वारा भव्य सम्मान समारोह का आयोजन

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

शहर में मुस्कान फाउंडेशन द्वारा चिकित्सकों, समाजसेवियों एवं उत्तराखंड सरकार द्वारा दर्जाधारी मंत्री बनाए गए पदाधिकारियों के सम्मान में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मुस्कान फाउंडेशन की अध्यक्ष एवं समाजसेविका नेहा मलिक द्वारा किया गया।

इस अवसर पर गंगा सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम को उत्तराखंड सरकार द्वारा दर्जाधारी मंत्री बनाए जाने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उनका अंगवस्त्र, पगड़ी एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर जोरदार स्वागत किया गया। उपस्थित लोगों ने उनके सम्मान में तालियों की गड़गड़ाहट से कार्यक्रम स्थल को गूंजा दिया।

इसी क्रम में करण मल्होत्रा को पंजाबी महासभा उत्तराखंड का प्रांतीय अध्यक्ष बनाए जाने पर भी सम्मानित किया गया। समारोह में उनकी नई जिम्मेदारी को लेकर शुभकामनाएं दी गईं और समाज सेवा में उनके योगदान की सराहना की गई।

डॉक्टर्स डे की पूर्व संध्या पर कार्यक्रम में शहर के कई प्रतिष्ठित चिकित्सकों को भी सम्मानित किया गया। इसमें जानी-मानी चिकित्सक डॉ. संध्या शर्मा, मधुमेह रोग विशेषज्ञ डॉ. एम.एस. सिंघल, प्रसिद्ध पैथोलॉजिस्ट डॉ. रविकांत शर्मा तथा डॉ. राहुल को स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी अविनाश चंद्र ओहरी, जगदीश लाल पाहवा, ग्रीन मैन विजयपाल सिंह बघेल, प्रमोद शर्मा, योगाचार्य रजनीश कुमार, लेखिका डॉ. राधिका नागरथ, तथा जितेंद्र सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि समाजसेवा, चिकित्सा और जनकल्याण के क्षेत्र में कार्य करने वाले व्यक्तियों का सम्मान समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है और दूसरों को भी प्रेरित करता है। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और समाजहित में इस प्रकार के आयोजनों को निरंतर जारी रखने की बात कही।