चंपावत दौरे पर मुख्यमंत्री धामी, क्रिटिकल केयर ब्लॉक और एमआरआई मशीन का करेंगे लोकार्पण

चंपावत दौरे पर मुख्यमंत्री धामी, क्रिटिकल केयर ब्लॉक और एमआरआई मशीन का करेंगे लोकार्पण

स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कुछ ही देर में अपनी विधानसभा चंपावत पहुंचेंगे, जहां वे करोड़ों रुपये की लागत से बने क्रिटिकल केयर ब्लॉक और एमआरआई मशीन का लोकार्पण कर जिले की जनता को बड़ी सौगात देंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है और जोरदार स्वागत की तैयारियां की गई हैं।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। प्रशासन द्वारा सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।

लोकार्पण कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री धामी बस स्टेशन लोहाघाट में भी कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ और लोकार्पण करेंगे। इनमें कार्बेट ट्रेन सहित अन्य महत्वपूर्ण विकास कार्य शामिल हैं, जो क्षेत्रीय विकास को गति देने वाले बताए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री इस अवसर पर एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे, जिसमें वे सरकार की उपलब्धियों और विकास योजनाओं की जानकारी जनता के सामने रखेंगे। जनसभा में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, भाजपा कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री का भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता से सीधा संवाद भी प्रस्तावित है। इस दौरान वे लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुनेंगे।

चंपावत दौरे को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और लोगों को उम्मीद है कि इन विकास परियोजनाओं से स्वास्थ्य सेवाओं और बुनियादी ढांचे में सुधार होगा तथा जिले को नई विकास दिशा मिलेगी।