

स्थान : लक्सर
ब्यूरो रिपोर्ट


लक्सर की सियासत में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। वर्षों से पत्रकारिता के माध्यम से जनता की आवाज़ उठाने वाले वरिष्ठ पत्रकार और लक्सर प्रेस क्लब के अध्यक्ष प्रवीण सैनी ने अब सक्रिय राजनीति में उतरने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने घोषणा की है कि वह वर्ष 2027 में लक्सर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे।


इस घोषणा के बाद क्षेत्र की राजनीतिक फिजा पूरी तरह बदल गई है और विभिन्न राजनीतिक दलों में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि इस कदम से आगामी चुनावी समीकरणों पर गहरा असर पड़ सकता है।



लक्सर प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रवीण सैनी ने कहा कि अब लक्सर को केवल वादों और घोषणाओं की नहीं, बल्कि ठोस और जमीनी विकास की जरूरत है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से क्षेत्र की समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।


उन्होंने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को उजागर करते हुए कहा कि लक्सर में सड़क व्यवस्था खराब है, स्वास्थ्य सेवाएं कमजोर हैं, शिक्षा की स्थिति संतोषजनक नहीं है, बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है और सिंचाई संकट के साथ हर साल बाढ़ की समस्या भी लोगों के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है।

प्रवीण सैनी ने आरोप लगाया कि चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे करने वाले नेता जीतने के बाद जनता से दूर हो जाते हैं, जिससे क्षेत्र विकास की दौड़ में पीछे रह गया है। उन्होंने कहा कि अब समय बदलाव का है और जनता को विकल्प देना जरूरी है।


प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद जाने आलम सहित अन्य पत्रकारों और प्रेस क्लब पदाधिकारियों ने भी इस मौके पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।


पत्रकारिता से राजनीति में कदम रखने वाले प्रवीण सैनी ने कहा कि वर्षों तक जनता की समस्याओं को करीब से देखने के बाद अब उन्होंने निर्णय लिया है कि वे सीधे विधानसभा में जाकर इन मुद्दों को उठाएंगे और समाधान की दिशा में काम करेंगे।
उनके इस ऐलान के बाद लक्सर विधानसभा में राजनीतिक समीकरण बदलने लगे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि उन्हें जनता का समर्थन मिलता है तो यह कदम पारंपरिक राजनीतिक दलों के लिए चुनौती बन सकता है।
अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पत्रकारिता से राजनीति में आए प्रवीण सैनी जनता के बीच कितना प्रभाव छोड़ पाते हैं और क्या वे अपने दावे को चुनावी जीत में बदलने में सफल होंगे।

