बिजली चोरी पर विभाग का बड़ा अभियान, मंगलौर में 20 घरों पर कार्रवाई

बिजली चोरी पर विभाग का बड़ा अभियान, मंगलौर में 20 घरों पर कार्रवाई

स्थान : रुड़की
ब्यूरो रिपोर्ट

भीषण गर्मी के बीच बिजली चोरी और ओवरलोडिंग को रोकने के लिए ऊर्जा विभाग ने मंगलौर क्षेत्र में सख्त अभियान चलाया है। विजिलेंस और उपखंड मंगलौर की संयुक्त टीम ने कस्बे के विभिन्न इलाकों में ताबड़तोड़ छापेमारी कर 20 घरों में बिजली चोरी पकड़ी है।

जानकारी के अनुसार, टीम ने सीमलोनी, खोखरा कुआं, गाढ़ा कॉलोनी और पठानपुरा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान कई घरों में सीधे बिजली के पोल से कटिया डालकर अवैध रूप से बिजली उपयोग किए जाने के मामले सामने आए।

छापेमारी के दौरान कई घरों में एसी और हीटर का धड़ल्ले से उपयोग पाया गया। टीम को देखते ही कुछ स्थानों पर लोग आनन-फानन में अपने कनेक्शन और अवैध केबल हटाने लगे, लेकिन तब तक कई मामलों में बिजली चोरी की पुष्टि हो चुकी थी।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार पकड़े गए सभी 20 उपभोक्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही आगे की कानूनी प्रक्रिया भी तेज की जा रही है।

उपखंड अधिकारी अनुभव सैनी ने बताया कि गर्मी के कारण बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है, जिससे विद्युत व्यवस्था पर भारी दबाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि विभाग 24 घंटे आपूर्ति बनाए रखने का प्रयास कर रहा है, लेकिन बिजली चोरी के कारण फॉल्ट और ट्रिपिंग की घटनाएं बढ़ रही हैं।

एसडीओ ने बताया कि विजिलेंस टीम के साथ मिलकर ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे ताकि बिजली चोरी पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके और सिस्टम को सुचारु रखा जा सके।

उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि बिजली का उपयोग आवश्यकता के अनुसार ही करें और अनावश्यक रूप से अधिक उपकरण एक साथ न चलाएं। खासकर शाम के पीक आवर्स में एसी और कूलर का सीमित उपयोग करने की सलाह दी गई है।

अधिकारियों ने कहा कि उपभोक्ताओं के सहयोग से ही निर्बाध बिजली आपूर्ति संभव है और यदि सभी नियमों का पालन किया जाए तो व्यवस्था को बेहतर तरीके से बनाए रखा जा सकता है।