मानसून से पहले तैयारियां पूरी करें, लापरवाही पर होगी कार्रवाई: मंत्री राम सिंह कैड़ा

मानसून से पहले तैयारियां पूरी करें, लापरवाही पर होगी कार्रवाई: मंत्री राम सिंह कैड़ा

स्थान : भीमताल
ब्यूरो रिपोर्ट

आगामी मानसून सीजन को देखते हुए उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने भीमताल विकास भवन सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में लोक निर्माण विभाग, पेयजल, सिंचाई, विद्युत तथा अन्य संबंधित विभागों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समय रहते सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि बरसात शुरू होने से पहले शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव तथा संभावित आपदा से निपटने की सभी तैयारियां पूरी कर ली जानी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता की सुरक्षा और सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने की संभावनाओं पर विशेष चर्चा की गई। मंत्री ने निर्देश दिए कि संवेदनशील मोटर मार्गों पर पहले से जेसीबी और पोकलैंड मशीनें तैनात रखी जाएं ताकि आपदा की स्थिति में बंद सड़कों को तत्काल खोला जा सके और यातायात सुचारु बना रहे।

उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों के सभी छोटे-बड़े नालों की सिल्ट और मलबा समय रहते साफ करने के निर्देश भी दिए। साथ ही नदियों के डायवर्जन और जल निकासी से जुड़े कार्यों को तय समयसीमा के भीतर पूरा करने को कहा, ताकि भारी बारिश के दौरान जलभराव की समस्या न उत्पन्न हो।

मंत्री ने कहा कि जिन मुख्य सड़कों और चौराहों पर हर वर्ष पानी भरने की समस्या रहती है, वहां ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त किया जाए। इसके अलावा बरसात से पहले सभी मुख्य और संपर्क मार्गों को गड्ढामुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

आवश्यक सेवाओं की निरंतरता पर जोर देते हुए उन्होंने बिजली और पेयजल विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तेज बारिश और आंधी के दौरान यदि बिजली के पोल क्षतिग्रस्त हों या तार टूटें तो उनकी तत्काल मरम्मत के लिए रिस्पॉन्स टीम तैयार रहनी चाहिए। पेयजल लाइनों के क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।

स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित करते हुए मंत्री ने कहा कि अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडारण रखा जाए, ताकि मानसून के दौरान फैलने वाली बीमारियों से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और आपातकालीन परिस्थितियों के लिए एक समर्पित कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान मंत्री राम सिंह कैड़ा ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि मानसून के दौरान यदि अधिकारियों की लापरवाही के कारण जनता को परेशानी हुई, जलभराव की स्थिति बनी या मोटर मार्ग लंबे समय तक बंद रहे तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने भीमताल विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए।