महिला के कपड़े चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस की कार्रवाई

महिला के कपड़े चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस की कार्रवाई

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में हल्द्वानी पुलिस ने महिला के घर में घुसकर कपड़े चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए सभी कपड़े भी बरामद कर लिए गए हैं।

जानकारी के अनुसार महेश नगर, नवाबी रोड निवासी एक महिला ने कोतवाली हल्द्वानी में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि 19 जून 2026 की रात करीब 3:23 बजे एक अज्ञात व्यक्ति उनके घर की दीवार फांदकर परिसर में घुस आया और बाहर सूख रहे महिला के कपड़े चोरी कर ले गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी की पहचान और शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। महिला की शिकायत के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 209/2026 के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

प्रकरण की जांच चौकी प्रभारी हीरा नगर संजीत राठौड़ को सौंपी गई। वहीं प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। वायरल वीडियो और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे टैगोर पब्लिक स्कूल के पास स्थित क्रिकेट मैदान, पंचायतघर रोड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान निकेत सिंह बिष्ट, पुत्र खीम सिंह बिष्ट, निवासी समीर विहार फेज-1, कुसुमखेड़ा मुखानी, उम्र 34 वर्ष के रूप में हुई है। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए महिला के सभी कपड़े बरामद कर लिए गए।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक संजीत राठौड़, हेड कांस्टेबल इसरार नबी, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार तथा कांस्टेबल दिनेश नगरकोटी शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।

नैनीताल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि जनता के सहयोग से अपराधों की रोकथाम और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सकती है।