

स्थान : किच्छा
ब्यूरो रिपोर्ट


उत्तराखंड में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसटीएफ की एंटी नार्कोटिक्स कुमाऊं यूनिट और किच्छा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 52.46 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 15.70 लाख रुपये आंकी गई है।


यह कार्रवाई मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के अंतर्गत की गई। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देशों और एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह के नेतृत्व में राज्यभर में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।



एसटीएफ की एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) कुमाऊं टीम ने तकनीकी और मैनुअल इनपुट के आधार पर सटीक सूचना विकसित की। इसके बाद किच्छा कोतवाली क्षेत्र में स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।


गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरमुख सिंह पुत्र सतनाम सिंह, निवासी गुरु द्वारा वाली गली, लालपुर किच्छा, जनपद ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र लगभग 50 वर्ष बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 52.46 ग्राम हेरोइन के अलावा एक मोटरसाइकिल (यूके06जे-5873) भी बरामद की है। बरामद मादक पदार्थ की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 15.70 लाख रुपये आंकी गई है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह उत्तर प्रदेश के बहेड़ी क्षेत्र से सस्ते दामों पर हेरोइन खरीदकर लालपुर, किच्छा और रुद्रपुर क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर बेचता था। पुलिस अब उसके नेटवर्क और सप्लाई चेन की विस्तृत जांच कर रही है।


एसटीएफ अधिकारियों के अनुसार आरोपी के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सके। जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिलने की संभावना है।
इस कार्रवाई में एसटीएफ एंटी नार्कोटिक्स टीम के निरीक्षक पावन स्वरुप, आरक्षी वीरेंद्र चौहान और आरक्षी इसरार अहमद शामिल रहे। वहीं किच्छा पुलिस की ओर से रवि सैनी, उपनिरीक्षक बसंत कुमार तथा हेड कांस्टेबल दीपक सिंह चौहान ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

