

स्थान : अल्मोड़ा
रिपोर्टर : संजय जोशी


अल्मोड़ा क्वारब डेंजर जोन में चल रहे सुधारात्मक एवं सुरक्षात्मक कार्यों का शनिवार को सचिव, लोक निर्माण विभाग उत्तराखंड शासन डॉ. पंकज कुमार पांडे एवं जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों की प्रगति और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की गई।


सचिव डॉ. पांडे ने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि यह जनपद का अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग है, इसलिए यहां चल रहे कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि मशीनों और संसाधनों की संख्या तत्काल बढ़ाई जाए, ताकि निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जा सके।



उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यों के दौरान यातायात व्यवस्था किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए एक विस्तृत और प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।

सचिव ने कहा कि भारी वाहनों की आवाजाही के लिए दिन या रात का एक निश्चित समय तय किया जाए और उसी के अनुसार ट्रैफिक प्लान लागू किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि भारी वाहनों का संचालन केवल निर्धारित समय में ही किया जाए।

उन्होंने कहा कि हल्के वाहनों को क्वारब बाईपास मार्ग से संचालित किया जाए, जिससे एक ओर निर्माण कार्य निर्बाध रूप से जारी रह सके और दूसरी ओर यातायात व्यवस्था भी सुचारू बनी रहे।

निरीक्षण के दौरान सचिव ने मौके पर मौजूद अभियंताओं से तकनीकी जानकारी प्राप्त की और कार्यों की गुणवत्ता तथा गति दोनों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों से समझौता नहीं होना चाहिए।



जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने बताया कि क्वारब क्षेत्र में चल रहे कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि तैयार किए गए ट्रैफिक प्लान का अनुपालन पुलिस और परिवहन विभाग के समन्वय से सुनिश्चित कराया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिशासी अभियंता अशोक चौधरी, उप जिलाधिकारी अल्मोड़ा संजय कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

