

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट


देहरादून भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में बुधवार को पार्टी के 22 प्रकोष्ठों की परीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों तथा चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। पार्टी नेतृत्व ने प्रकोष्ठों की भूमिका को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने पर जोर दिया।



भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि पार्टी के सात मोर्चे और 22 प्रकोष्ठ हैं, जिनकी गतिविधियां सामाजिक क्षेत्रों में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने में इन प्रकोष्ठों का विशेष योगदान रहता है।


उन्होंने बताया कि आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए सभी प्रकोष्ठों को सक्रिय किया गया है तथा अक्टूबर माह तक की कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। इसके तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

महेंद्र भट्ट ने जानकारी दी कि जल्द ही जिला स्तरीय समितियों की अलग-अलग बैठकें रुद्रपुर, काशीपुर, हरिद्वार और देहरादून में आयोजित की जाएंगी। प्रत्येक बैठक में छह-छह प्रकोष्ठों को शामिल किया जाएगा।

इन बैठकों में संबंधित जिलाध्यक्षों और दो सह-सचिवों की भी सहभागिता रहेगी, ताकि संगठनात्मक समन्वय को और मजबूत किया जा सके तथा कार्यकर्ताओं को आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी जा सके।



प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा आगामी चुनावों के लिए पूरी तरह तैयार है और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का कार्य लगातार जारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि प्रकोष्ठ चुनावी गतिविधियों के साथ-साथ समाजहित के कार्यक्रमों में भी अपनी भागीदारी बढ़ाएंगे, जिससे संगठन और समाज के बीच संवाद और सहयोग को मजबूत किया जा सके।

