

स्थान : रुड़की
ब्यूरो रिपोर्ट


रुड़की एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर बुधवार को फायर स्टेशन रुड़की की टीम द्वारा क्षेत्र में संचालित विभिन्न कोचिंग सेंटरों एवं लाइब्रेरी का फायर ऑडिट किया गया। इस अभियान का उद्देश्य अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच करना और विद्यार्थियों को जागरूक करना रहा।


फायर विभाग की टीम ने एस.एस. क्लासेस (रामनगर रुड़की), रिनाउन क्लासेस (रामनगर रुड़की), चाणक्य क्लासेस (वसंत विहार मकतूलपुरी), छाया कोचिंग सेंटर (रामनगर रुड़की) तथा ग्लोबल लाइब्रेरी (निकट हेमंत हॉस्पिटल रुड़की) का निरीक्षण किया।



निरीक्षण के दौरान टीम ने सभी संस्थानों में फायर सेफ्टी उपकरणों, आपातकालीन निकास मार्गों तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत जांच की। साथ ही संस्थानों में मौजूद अग्निशमन संसाधनों की कार्यशीलता का भी परीक्षण किया गया।


फायर ऑडिट के दौरान अधिकारियों ने अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को अग्नि सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी प्रदान की। उन्हें आग लगने की स्थिति में बचाव के उपाय, सुरक्षित निकासी प्रक्रिया और प्राथमिक सुरक्षा उपायों के बारे में जागरूक किया गया।

अधिकारियों ने कोचिंग सेंटर संचालकों को निर्देश दिए कि वे सभी आवश्यक फायर सेफ्टी मानकों का पालन सुनिश्चित करें और समय-समय पर सुरक्षा उपकरणों की जांच कराते रहें।

फायर विभाग ने स्पष्ट किया कि जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस प्रकार के निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेंगे और किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


इस अभियान के बाद क्षेत्र में संचालित अन्य शैक्षणिक संस्थानों में भी फायर सेफ्टी को लेकर सतर्कता बढ़ गई है।

