शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी के आवास पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, परिजनों को बंधाया ढांढस

शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी के आवास पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, परिजनों को बंधाया ढांढस

स्थान : अल्मोड़ा
रिपोर्टर : संजय जोशी

जम्मू-कश्मीर के राजौरी क्षेत्र में आतंकवाद विरोधी सैन्य अभियान के दौरान वीरगति को प्राप्त 5 असम रेजिमेंट के अधिकारी लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी के अल्मोड़ा स्थित पांडेखोला आवास पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने शहीद अधिकारी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों से मुलाकात की और गहरी संवेदना व्यक्त की।

मुख्यमंत्री ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों से भेंट कर उनका हालचाल जाना और उन्हें इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी का बलिदान राष्ट्र सेवा और कर्तव्यनिष्ठा का सर्वोच्च उदाहरण है। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा के लिए दिया गया उनका सर्वोच्च बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा और आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा।

उन्होंने शहीद के परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि पूरा प्रदेश और देश इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ा है। राज्य सरकार परिवार को हर संभव सहायता और सहयोग प्रदान करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड वीरों की भूमि है और यहां के जवानों ने हमेशा देश की सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया है। लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी ने भी अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए अदम्य साहस और वीरता का परिचय दिया।

गौरतलब है कि लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी ने राजौरी क्षेत्र में चलाए जा रहे आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान कर्तव्य पालन करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया था। उनके शौर्य और समर्पण को देश सदैव याद रखेगा।

शहादत के बाद उनके पार्थिव शरीर को पूरे सैन्य एवं राजकीय सम्मान के साथ उनके गृह जनपद अल्मोड़ा लाया गया था, जहां हजारों लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी थी।

इस अवसर पर अल्मोड़ा के मेयर अजय वर्मा, दायित्वधारी गोविंद सिंह पिलख्वाल, जनप्रतिनिधि, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे और शहीद अधिकारी को श्रद्धांजलि अर्पित की।