

स्थान : मसूरी
ब्यूरो रिपोर्ट


अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मसूरी के टाउन हॉल सभागार में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। नगर पालिका परिषद मसूरी द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और योग प्रेमियों ने भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया।


कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, योग प्रशिक्षकों तथा विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों की विशेष उपस्थिति रही।



योगाचार्य कोमल सेमवाल ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। प्रतिभागियों ने लगभग एक घंटे तक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।


इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत है, जिसे हमारे ऋषि-मुनियों ने विश्व को प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ और निरोग जीवन का सबसे प्रभावी माध्यम है।

उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। वर्तमान समय में तनावपूर्ण जीवनशैली के बीच योग संतुलित और स्वस्थ जीवन जीने का सर्वोत्तम मार्ग है।


नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि पहाड़ों की रानी मसूरी का स्वच्छ वातावरण और प्राकृतिक सौंदर्य योग साधना के लिए अत्यंत उपयुक्त है। यहां का शांत वातावरण मन और शरीर दोनों को सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है।



कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षकों ने विभिन्न योग क्रियाओं का प्रदर्शन करते हुए उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी। प्रतिभागियों को नियमित योगाभ्यास के महत्व और उससे होने वाले शारीरिक तथा मानसिक लाभों के बारे में जागरूक किया गया।
“जो करेगा योग, वह रहेगा निरोग” के संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। सभी प्रतिभागियों ने योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

