

स्थान : लालकुआँ
रिपोर्टर : मुन्ना अंसारी


विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) की 34वीं वाहिनी चिकित्सालय, हल्दूचौड़ में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय, हल्द्वानी के सहयोग से आयोजित किया गया।


शिविर में आईटीबीपी के हिमवीर जवानों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए रक्तदान कर “रक्तदान महादान” की भावना को साकार किया। इस दौरान जवानों में विशेष उत्साह देखने को मिला।



कार्यक्रम में कमांडेंट राजेश कुमार जोशी ने भी स्वयं रक्तदान कर जवानों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आईटीबीपी न केवल देश की सीमाओं की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है, बल्कि समाज के प्रति अपने मानवीय दायित्वों को भी पूरी गंभीरता से निभाती है।


कमांडेंट ने कहा कि स्वस्थ जवानों द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद मरीज की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है, जो मानवता की सबसे बड़ी सेवा है।

शिविर में बड़ी संख्या में जवानों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना था।


