हैंडशेक विवाद पर हरमनप्रीत कौर का करारा जवाब, बोलीं– “हम क्रिकेट खेलने आए हैं”

हैंडशेक विवाद पर हरमनप्रीत कौर का करारा जवाब, बोलीं– “हम क्रिकेट खेलने आए हैं”

ब्यूरो रिपोर्ट

आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले से पहले हैंडशेक विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। इस मुद्दे पर भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पत्रकार के सवाल पर बेबाक और सख्त जवाब दिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

भारत और पाकिस्तान की टीमें 14 जून को बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा। दोनों ही टीमें इस बड़े मुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब हरमनप्रीत कौर से हैंडशेक को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने साफ कहा, “हम यहां क्रिकेट खेलने आए हैं। आप यह सवाल क्यों पूछ रहे हैं?” उनके इस जवाब के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कुछ पल के लिए सन्नाटा छा गया।

हरमनप्रीत का यह बयान तुरंत सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और फैंस ने इसे टीम के फोकस और प्रोफेशनल एप्रोच से जोड़कर देखा।

भारतीय कप्तान के इस बयान से यह साफ हो गया कि टीम इंडिया का पूरा ध्यान सिर्फ मैदान पर प्रदर्शन पर है, न कि किसी भी तरह के विवाद या बाहरी चर्चाओं पर।

गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से भारत और पाकिस्तान के बीच मैचों में हैंडशेक को लेकर लगातार चर्चा होती रही है। एशिया कप 2025 के दौरान भी भारतीय पुरुष टीम ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से परहेज किया था, जिसके बाद यह मुद्दा सुर्खियों में रहा।

इसी तरह अंडर-19 वर्ल्ड कप और अन्य टूर्नामेंट्स में भी दोनों टीमों के बीच औपचारिकता को लेकर अलग-अलग घटनाएं सामने आई थीं, जिससे यह बहस और बढ़ गई।

आंकड़ों की बात करें तो भारत और पाकिस्तान की महिला टी20 टीमों के बीच अब तक 16 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 13 मैच जीते हैं, जबकि पाकिस्तान को सिर्फ 3 जीत मिली है।

वर्ल्ड कप के इतिहास में भी भारत का दबदबा कायम रहा है। दोनों टीमें अब तक 8 बार आमने-सामने आ चुकी हैं, जिनमें भारत ने 6 मुकाबले अपने नाम किए हैं।

अब सभी की नजरें इस हाई-वोल्टेज मुकाबले पर टिकी हैं, जहां एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच रोमांचक जंग देखने को मिलेगी।