

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट


हरिद्वार की विश्व प्रसिद्ध हर की पौड़ी पर शनिवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब गंगा के तेज बहाव में बह रहे एक युवक को समय रहते बचा लिया गया। पत्रकार हरि गौतम की सूझबूझ और साहसिक प्रयास के चलते युवक की जान बच गई, जिससे मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।


जानकारी के अनुसार खड़खड़ी निवासी अजय गंगा स्नान के दौरान अचानक संतुलन खो बैठा और गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते वह गंगा की तेज धारा में बहने लगा। घटना के समय हर की पौड़ी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे, लेकिन तेज बहाव के कारण कोई भी तत्काल पानी में उतरने का साहस नहीं कर सका।



इसी दौरान गंगा स्नान के लिए पहुंचे पत्रकार हरि गौतम की नजर बहते हुए युवक पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने बिना समय गंवाए अपनी जान की परवाह किए बिना गंगा में छलांग लगा दी और युवक की ओर तैरकर बढ़ गए।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हरि गौतम ने काफी दूरी तक तैरकर युवक तक पहुंचने के बाद उसे संभाला और कड़ी मशक्कत करते हुए सुरक्षित किनारे तक ले आए। बताया जा रहा है कि यदि कुछ देर और हो जाती तो युवक को बचाना बेहद मुश्किल हो सकता था।
यह पूरी घटना हर की पौड़ी क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गई। घटना के बाद वहां मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने हरि गौतम के साहस और मानवता की भावना की जमकर सराहना की। लोगों का कहना था कि उनकी तत्परता के कारण एक बड़ी अनहोनी टल गई।

बताया जा रहा है कि यह पहला अवसर नहीं है जब हरि गौतम ने किसी की जान बचाई हो। इससे पहले भी वह एक अन्य डूबते युवक को सुरक्षित बाहर निकालकर उसकी जान बचा चुके हैं। उनकी इस बहादुरी की चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है।


घटना के बाद हरि गौतम ने लोगों से अपील की कि बच्चों को तैराकी अवश्य सिखाई जानी चाहिए ताकि आपात स्थिति में वे स्वयं को सुरक्षित रख सकें। उन्होंने यह भी कहा कि जिन्हें तैरना नहीं आता, उन्हें गहरे पानी में जाने से बचना चाहिए। साथ ही चारधाम यात्रा और आगामी कांवड़ मेले को देखते हुए उन्होंने सरकार से हर की पौड़ी पर स्थायी और प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।

