

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट


भारतीय जनता पार्टी प्रदेश महिला मोर्चा की परिचात्मक बैठक कल आयोजित की जाएगी। संगठन के गठन के बाद होने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक को महिला मोर्चा के लिए एक अहम पड़ाव माना जा रहा है। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और आगामी रणनीति तय करने पर विशेष चर्चा की जाएगी।


प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष रुचि भट्ट ने बैठक की जानकारी देते हुए बताया कि संगठन बनने के बाद आयोजित होने वाली परिचात्मक बैठक किसी भी संगठन के लिए मील का पत्थर साबित होती है। इससे पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होता है और संगठनात्मक कार्यों को नई दिशा मिलती है।



बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, मोर्चा प्रभारी शैलेंद्र बिष्ट, संगठन महामंत्री सहित कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के सभी प्रदेश पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा जिलाध्यक्ष, जिला महामंत्री तथा विभिन्न जिलों के प्रभारी और सह-प्रभारी भी बैठक में हिस्सा लेंगे।

रुचि भट्ट ने बताया कि बैठक के दौरान संगठन द्वारा पूर्व में संचालित कार्यक्रमों और गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही आगामी दिनों में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों और अभियानों की रूपरेखा पर भी विस्तार से चर्चा होगी।
उन्होंने कहा कि बैठक का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य सभी पदाधिकारियों का परिचय कराना भी है। इसमें यह साझा किया जाएगा कि कौन किस पद पर कार्य कर रहा है, पहले उसकी क्या जिम्मेदारी रही है और वर्तमान दायित्वों को किस प्रकार प्रभावी ढंग से निभाया जा सकता है।

महिला मोर्चा अध्यक्ष ने बताया कि इस कार्यक्रम को एक प्रकार के प्रशिक्षण सत्र के रूप में आयोजित किया जाएगा। इसके माध्यम से पदाधिकारियों को संगठन की कार्यप्रणाली, जिम्मेदारियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी।


उन्होंने विश्वास जताया कि यह परिचात्मक बैठक महिला मोर्चा को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। साथ ही संगठन के सभी पदाधिकारियों को एकजुट होकर पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी।

