

स्थान : चमोली
ब्यूरो रिपोर्ट


उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की स्नातक स्तरीय परीक्षा को नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए चमोली जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। परीक्षा से एक दिन पहले जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।


13 जून को किए गए इस स्थलीय निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र प्रभारियों, प्रधानाचार्यों और व्यवस्थापकों के साथ बैठक कर परीक्षा संचालन से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।



निरीक्षण के दौरान परीक्षा कक्षों में बैठने की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, स्ट्रॉन्ग रूम, प्रश्नपत्रों और उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा, प्रवेश एवं निकास द्वार, बिजली, पेयजल, शौचालय तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की गहन जांच की गई। जनपद में चमोली, गोपेश्वर, नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग और गौचर क्षेत्रों में कुल 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।


डीएम और एसपी ने परीक्षा की गोपनीयता और शुचिता को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या अनुचित साधनों के प्रयोग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने परीक्षा प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पूरे जनपद के 18 परीक्षा केंद्रों को चार जोन और 18 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन और सेक्टर में वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में धारा 163 बीएनएसएस लागू रहेगी।


पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जोनल, सहायक जोनल और सेक्टर प्रभारियों की समीक्षा बैठक भी ली। उन्होंने कहा कि परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी पुलिस कर्मियों को समय से पहले परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर परीक्षा समाप्ति तक पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए हैं।


प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पुरुष और महिला पुलिस कर्मियों के साथ दो-दो हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (एचएचएमडी) लगाए गए हैं। अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाएगी तथा मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरबड्स और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। डिजिटल और एनालॉग दोनों प्रकार की घड़ियां भी परीक्षा केंद्रों में प्रतिबंधित रहेंगी।
इसके अलावा अभिसूचना इकाइयों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर सतत निगरानी रखने और अफवाहों या भ्रामक सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी थाना प्रभारियों को अंतरजनपदीय बैरियरों पर सघन वाहन चेकिंग और होटल, होमस्टे व धर्मशालाओं में सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
प्रशासन और चमोली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता UKSSSC परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन, निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न कराना है। इसके लिए सुरक्षा और प्रशासनिक स्तर पर व्यापक इंतजाम किए गए हैं तथा परीक्षा प्रक्रिया के प्रत्येक चरण की लगातार निगरानी की जा रही है।

