

स्थान : अल्मोड़ा
ब्यरो रिपोर्ट


द्वाराहाट क्षेत्र में शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक चलती कार अचानक आग का गोला बन गई। देखते ही देखते कार सड़क किनारे धूं-धूं कर जलने लगी और कुछ ही मिनटों में पूरी तरह जलकर राख हो गई।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार में सवार बैंक कर्मचारी गौचर से हल्द्वानी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान द्वाराहाट के पास वाहन अचानक बंद हो गया, जिसके बाद चालक ने इंजन की जांच के लिए गाड़ी रोकी।



जैसे ही चालक और अन्य सवार नीचे उतरे और इंजन की जांच शुरू की, तभी अचानक इंजन से तेज लपटें निकलने लगीं। यह दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत वाहन से दूरी बनाकर अपनी जान बचाई।


आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती गई और स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही द्वाराहाट पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फायर सेफ्टी उपायों के साथ आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। पुलिस की मुस्तैदी के बावजूद जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक कार पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुकी थी।

गनीमत यह रही कि वाहन सवार समय रहते बाहर निकल गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।



