

स्थान : खटीमा
ब्यरो रिपोर्ट


खटीमा में बिजली विभाग में कार्यरत ठेकेदार कर्मी एवं लाइनमैन रंजीत की करंट लगने से हुई दर्दनाक मौत के बाद मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने दूरभाष के माध्यम से मृतक के परिजनों से बातचीत कर उन्हें सांत्वना दी और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।


मुख्यमंत्री ने रंजीत के माता-पिता से फोन पर वार्ता करते हुए दुख की इस घड़ी में धैर्य बनाए रखने की अपील की। उन्होंने परिवार को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार उनके साथ खड़ी है और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।



मुख्यमंत्री की पहल के बाद भारतीय जनता पार्टी का एक शिष्टमंडल भी मृतक रंजीत के घर पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं तथा उन्हें सरकार द्वारा हरसंभव सहयोग दिए जाने का संदेश पहुंचाया।

मृतक के माता-पिता ने बताया कि मुख्यमंत्री ने स्वयं फोन कर उनका हालचाल जाना, जिससे उन्हें मानसिक संबल मिला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के आश्वासन से उन्हें विश्वास मिला है कि परिवार को न्याय और आवश्यक सहायता अवश्य प्राप्त होगी।
गौरतलब है कि तीन दिन पूर्व खटीमा क्षेत्र में बिजली लाइन पर कार्य करते समय रंजीत करंट की चपेट में आ गए थे। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।

घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों में आक्रोश भी देखने को मिला। लोगों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दुर्घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


परिजन और क्षेत्रवासी लगातार मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं प्रशासन और संबंधित विभाग द्वारा घटना की जांच की जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।

