

स्थान : बाजपुर
रिपोर्टर : विशेष शर्मा


नैनीताल रोड स्थित एक होटल में कथित रूप से अनैतिक गतिविधियां संचालित होने के आरोपों को लेकर शुक्रवार को स्थानीय महिलाओं और कॉलोनीवासियों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में महिलाएं होटल के बाहर एकत्र हुईं और प्रशासन से मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की।


प्रदर्शन का नेतृत्व आशा कार्यकत्री कुलविंदर कौर ने किया। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने आरोप लगाया कि संबंधित होटल में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां संचालित हो रही हैं, जिससे क्षेत्र का सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है और स्थानीय लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।



महिलाओं का कहना था कि इस संबंध में पूर्व में भी कई बार प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को शिकायतें दी गई हैं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया।


हंगामे और प्रदर्शन की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और होटल परिसर की जांच-पड़ताल की। पुलिस ने होटल के कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की तथा स्थिति का जायजा लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुलिस के पहुंचने से पहले होटल परिसर में मौजूद एक युवती वहां से चली गई। हालांकि पुलिस को मौके पर कोई युवक नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने होटल से संबंधित आवश्यक जानकारियां एकत्र कर जांच शुरू कर दी।

आशा कार्यकत्री कुलविंदर कौर ने आरोप लगाया कि होटल में बाहरी क्षेत्रों से युवक-युवतियों का लगातार आना-जाना लगा रहता है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी और चिंता का माहौल है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।


वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो वे अपना आंदोलन और अधिक व्यापक स्तर पर चलाने को बाध्य होंगे।

