

स्थान : श्रीनगर
ब्यरो रिपोर्ट


श्रीनगर व्यापार सभा के बहुप्रतीक्षित चुनाव शुक्रवार को शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हो गए। अध्यक्ष पद पर हुए कांटे के मुकाबले में अनुज जोशी ने पूर्व अध्यक्ष दिनेश असवाल को 40 मतों से पराजित कर जीत हासिल की। वहीं महासचिव पद पर छवि अग्रवाल ने सुमन जोशी को 83 मतों के अंतर से हराकर शानदार विजय दर्ज की।


व्यापार सभा के चुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया कल्याणेश्वर मंदिर परिसर में सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक संपन्न हुई। चुनाव में व्यापारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पूरे चुनाव के दौरान शांतिपूर्ण वातावरण बना रहा।



व्यापार सभा में पंजीकृत कुल 1452 मतदाताओं में से 1240 व्यापारियों ने मतदान किया, जो व्यापारियों की चुनाव के प्रति जागरूकता और उत्साह को दर्शाता है। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना की प्रक्रिया शुरू की गई।


मुख्य चुनाव अधिकारी दिनेश प्रसाद भट्ट ने मतगणना पूरी होने के बाद आधिकारिक परिणाम घोषित किए। अध्यक्ष पद पर अनुज जोशी को 633 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी दिनेश असवाल को 593 मत मिले। इस प्रकार अनुज जोशी ने 40 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।

महासचिव पद के चुनाव में छवि अग्रवाल को 654 मत प्राप्त हुए, जबकि सुमन जोशी को 571 मत मिले। छवि अग्रवाल ने 83 मतों के अंतर से जीत हासिल कर संगठन में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। वहीं कोषाध्यक्ष पद पर पंकज नेगी पहले ही निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए जा चुके थे।

परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने नगर में विजय जुलूस निकाला और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया। पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।


नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनुज जोशी और महासचिव छवि अग्रवाल ने सभी व्यापारियों का आभार व्यक्त करते हुए संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया। अनुज जोशी ने कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि श्रीनगर के समस्त व्यापारियों के विश्वास, समर्थन और एकता की जीत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान, उनके हितों की रक्षा और एक पारदर्शी, सक्रिय एवं मजबूत व्यापार सभा के निर्माण के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा।

