महिला टी20 विश्व कप: इंग्लैंड की रिकॉर्ड जीत, डैनी वायट-हॉज के शतक से श्रीलंका पस्त

महिला टी20 विश्व कप: इंग्लैंड की रिकॉर्ड जीत, डैनी वायट-हॉज के शतक से श्रीलंका पस्त

ब्यरो रिपोर्ट

आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 के उद्घाटन मुकाबले में मेजबान इंग्लैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को 87 रन से हराकर टूर्नामेंट में विजयी आगाज़ किया। मैच की स्टार बल्लेबाज रहीं Danni Wyatt-Hodge डैनी वायट-हॉज, जिन्होंने नाबाद 105 रन की तूफानी पारी खेलकर कई रिकॉर्ड अपने नाम किए।

इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर 219 रन बनाए, जो महिला टी20 विश्व कप इतिहास का सबसे बड़ा टीम स्कोर बन गया। इससे पहले यह रिकॉर्ड भी इंग्लैंड के नाम था, जब उसने 2023 में पाकिस्तान के खिलाफ 213 रन बनाए थे।

सलामी बल्लेबाज डैनी वायट-हॉज और एमी जोन्स ने पहले विकेट के लिए 135 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। जोन्स ने 53 रन बनाए, जबकि वायट-हॉज ने 62 गेंदों में 13 चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 105 रन ठोके। कप्तान नैट साइवर-ब्रंट ने भी 22 गेंदों में नाबाद 46 रन बनाकर टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया।

220 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम दबाव में बिखर गई और 132 रन पर ऑलआउट हो गई। श्रीलंका के लिए नीलाक्षी डी सिल्वा ने 39 और हर्षिता समरविक्रमा ने 29 रन बनाए, लेकिन टीम को बड़ी हार से नहीं बचा सकीं।

गेंदबाजी में इंग्लैंड की फ्रेया केम्प ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके। विश्व कप डेब्यू मैच में चार विकेट लेने वाली वह चुनिंदा गेंदबाजों में शामिल हो गईं।

इस मुकाबले में कई रिकॉर्ड बने। डैनी वायट-हॉज महिला टी20 विश्व कप में इंग्लैंड की ओर से सर्वाधिक रन बनाने वाली तीसरी बल्लेबाज बन गई हैं। इसके अलावा यह विश्व कप इतिहास का सातवां शतक और इंग्लैंड की ओर से दूसरा शतक रहा। वहीं, दोनों टीमों की पारियों को मिलाकर 351 रन बने, जो महिला टी20 विश्व कप इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा मैच टोटल है।

इस धमाकेदार जीत के साथ इंग्लैंड ने खिताब की दावेदारी मजबूत करते हुए टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत की है, जबकि श्रीलंका को अगले मुकाबलों में वापसी के लिए बेहतर प्रदर्शन करना होगा।