

स्थान : रामनगर
ब्यूरो रिपोर्ट


रामनगर पर्यटन सीजन और आगामी कैंची धाम मेले को देखते हुए रामनगर प्रशासन और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने रानीखेत रोड पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। इस दौरान कई अतिक्रमणकारियों का सामान जब्त किया गया और गंदगी व अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ चालान कर हजारों रुपये का जुर्माना वसूला गया।


अभियान का नेतृत्व उपजिलाधिकारी (एसडीएम) गोपाल सिंह चौहान ने किया। उन्होंने बताया कि 13 से 16 जून तक आयोजित होने वाले कैंची धाम मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह कार्रवाई की जा रही है।



एसडीएम ने कहा कि रानीखेत रोड रामनगर का प्रमुख मार्ग है, जहां पर्यटन सीजन के दौरान बड़ी संख्या में पर्यटक और स्थानीय लोग आवाजाही करते हैं। सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है, इसलिए प्रशासन ने सख्ती से अभियान शुरू किया है।


कार्रवाई के दौरान कई दुकानदारों और लोगों द्वारा सड़क पर रखे गए सामान को जब्त किया गया। वहीं नगर पालिका की टीम ने सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने और अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ चालान कर आर्थिक दंड भी वसूला।

अभियान के दौरान लखनपुर चुंगी क्षेत्र में संचालित दो कार वॉश सेंटरों पर भी प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की। एसडीएम के निर्देश पर जल संस्थान की टीम ने दोनों केंद्रों के पानी के कनेक्शन काट दिए।


गोपाल सिंह चौहान ने बताया कि गर्मी के मौसम में जल संकट को देखते हुए पहले ही वाहन धुलाई केंद्र संचालकों को पानी का दुरुपयोग न करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन किए जाने पर यह कार्रवाई की गई है।



उन्होंने संबंधित विभाग को दोनों कार वॉश सेंटर संचालकों से जुर्माना वसूलने के निर्देश भी दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि जल संरक्षण को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसडीएम ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और रामनगर के अन्य वाहन धुलाई केंद्रों तथा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और यातायात बाधाओं से मुक्त बनाना है, ताकि पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

