

स्थान : चंपावत
ब्यरो रेपोर्ट


जनपद चंपावत की नवगठित नगर पंचायत पाटी के सामान्य निर्वाचन का मतदान मंगलवार को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न हो गया। लोकतंत्र के इस महापर्व में स्थानीय मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिसके चलते नगर पंचायत के पहले चुनाव में लगभग 78 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।


नगर पंचायत पाटी के निर्वाचन अधिकारी अजय सिंह ने मतदान समाप्ति के बाद जानकारी देते हुए बताया कि संपूर्ण चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया गया। प्रशासन की कड़ी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदाताओं ने निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।



नगर पंचायत क्षेत्र के सभी चार मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। युवा, महिला और बुजुर्ग मतदाताओं ने भी बढ़-चढ़कर मतदान में हिस्सा लिया। मतदान को लेकर लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया।


सुबह शुरू हुई मतदान प्रक्रिया शाम 5 बजे तक चली। पूरे दिन मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही बनी रही। प्रशासन द्वारा मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं के साथ सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिससे मतदान प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हुई।

जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार के दिशा-निर्देश पर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी गई और मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना सामने नहीं आई। अधिकारियों ने लगातार मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।


मतदान समाप्त होने के साथ ही अध्यक्ष पद और वार्ड सदस्य पद के प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में बंद हो गई है। अब सभी की निगाहें 11 जून को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं। निर्वाचन अधिकारी अजय सिंह ने बताया कि मतगणना के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जाएगा।


नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए तीन प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वहीं भाजपा के पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने दावा किया है कि पाटी में कमल खिलेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के विकास कार्यों से प्रभावित होकर क्षेत्र की जनता ने भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान किया है और पार्टी की जीत सुनिश्चित है। अब 11 जून को मतगणना के बाद पाटी को अपना पहला नगर पंचायत अध्यक्ष मिल जाएगा।

