तिरंगा चौक पर पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, चार पहिया वाहनों की जांच

तिरंगा चौक पर पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, चार पहिया वाहनों की जांच

स्थान : सितारगंज
रिपोर्टर : तनवीर अंसारी

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने तिरंगा चौक पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा के निर्देशन में किया गया।

चेकिंग अभियान के दौरान सब इंस्पेक्टर कैलाश देव ने पुलिस बल के साथ तिरंगा चौक पर मोर्चा संभाला और आने-जाने वाले चार पहिया वाहनों की गहन जांच की। पुलिस ने वाहन चालकों से आवश्यक दस्तावेजों की भी जांच की।

अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखना तथा संदिग्ध व्यक्तियों और संदिग्ध वस्तुओं की आवाजाही पर नजर रखना था। पुलिस टीम ने कई वाहनों की तलाशी लेकर आवश्यक पूछताछ भी की।

इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को यातायात और परिवहन नियमों की जानकारी दी। चालकों को नियमों का पालन करने, वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी गई।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा के मद्देनजर इस प्रकार के चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने लोगों से पुलिस का सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

चेकिंग अभियान के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से व्यवस्थित रही और पुलिस की सक्रियता से लोगों में सुरक्षा का विश्वास भी मजबूत हुआ।