शहरी विकास मंत्री ने की नगर निगमों के विकास कार्यों की समीक्षा, स्वच्छता और आधारभूत सुविधाओं पर दिया जोर

शहरी विकास मंत्री ने की नगर निगमों के विकास कार्यों की समीक्षा, स्वच्छता और आधारभूत सुविधाओं पर दिया जोर

स्थान : देहरादून
ब्यरो रेपोर्ट

उत्तराखंड के शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा की अध्यक्षता में प्रदेश के शहरी क्षेत्रों के समग्र विकास और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से राजपुर रोड स्थित वन मुख्यालय मंथन सभागार में प्रदेश के सभी नगर निगमों के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में महापौरों, नगर आयुक्तों, विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि राज्य सरकार जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान कर रही है तथा विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी।

मंत्री ने कहा कि नगर निकायों के जनप्रतिनिधि सरकार और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। इसलिए उनकी समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निकायों से जुड़े लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए मंत्री ने बताया कि प्रदेश में 500 अतिरिक्त कूड़ा संग्रहण वाहन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इन वाहनों की निगरानी और कार्यप्रणाली को पारदर्शी बनाने के लिए विशेष मोबाइल एप भी लॉन्च किया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि हाल ही में 63 सफाई निरीक्षकों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए हैं।

बैठक में बताया गया कि नगर निकायों में लंबे समय से रिक्त चल रहे अधिशासी अधिकारी, अपर अभियंता और राजस्व निरीक्षक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियां की जा चुकी हैं। इससे विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी और स्थानीय निकायों की कार्यक्षमता में सुधार होगा।

मंत्री ने सभी नगर निकायों से अपनी आय बढ़ाने के लिए ठोस रणनीति तैयार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वित्तीय रूप से मजबूत निकाय ही बेहतर जनसेवाएं उपलब्ध करा सकते हैं। इसके साथ ही सौंदर्यीकरण, सड़क सुधार, विद्युत एवं पेयजल लाइनों के उन्नयन, गैस पाइपलाइन को भूमिगत करने, डंपिंग जोन विकसित करने और गौशालाओं के निर्माण जैसे कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान शहरी विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। मंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों को सामूहिक रूप से कार्य करना होगा ताकि विकास योजनाओं का लाभ जनता तक समय पर पहुंच सके। उन्होंने भविष्य में भी ऐसी समीक्षा बैठकों के नियमित आयोजन की बात कही। बैठक में सचिव नितेश झा, अपर सचिव विनोद गिरी गोस्वामी, विभिन्न नगर निगमों के नगर आयुक्त, महापौर और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।