

स्थान : लक्सर (हरिद्वार)
ब्यरो रेपोर्ट


लक्सर क्षेत्र में जिलाधिकारी के निर्देश पर खानपुर में चार धाम यात्रा मार्ग को सुचारू बनाने के लिए अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य यात्रा मार्ग को बाधा रहित और सुरक्षित बनाना रहा।


एसडीएम अनिल शुक्ला और तहसीलदार दीवान सिंह राणा के नेतृत्व में यह अभियान खानपुर क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे चलाया गया। प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और कार्रवाई शुरू की।



अभियान के दौरान सड़क किनारे दुकानदारों द्वारा फैलाए गए सामान को हटवाया गया। कई स्थानों पर दुकानों के बाहर तक फैले सामान को सख्ती से हटाया गया ताकि यातायात में किसी प्रकार की बाधा न उत्पन्न हो।


इसके साथ ही सड़क और नाली के दायरे में किए गए अवैध अतिक्रमण को भी हटाया गया। कुछ स्थानों पर अस्थायी निर्माण और अवैध कब्जों को प्रशासन द्वारा मौके पर ही तोड़ा गया।

सफाई व्यवस्था को बिगाड़ने वालों पर भी प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। कई दुकानदारों द्वारा दुकानों के सामने गंदगी फैलाने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई और चालान काटे गए।

एसडीएम अनिल शुक्ला ने बताया कि चार धाम यात्रा को सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है।


प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि कोई व्यक्ति दोबारा अतिक्रमण करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

