

स्थान : हरिद्वार
ब्यरो रेपोर्ट


शहर के अपर रोड क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई उस समय विवाद का रूप ले गई जब नगर निगम अधिकारियों और व्यापारियों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। मौके पर स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि दोनों पक्षों के बीच जमकर बहस हुई और बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


नगर निगम की टीम उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी के नेतृत्व में अपर रोड पर अतिक्रमण हटाने के अभियान में जुटी हुई थी। अभियान के दौरान सड़क किनारे रखे सामान और अन्य अवैध अतिक्रमणों को हटाया जा रहा था। इसी बीच कार्रवाई एक रेस्टोरेंट के बाहर रखे जनरेटर तक पहुंच गई।



बताया गया कि व्यापारी नेता संजीव नैय्यर के रेस्टोरेंट के बाहर रखे जनरेटर को हटाने को लेकर विवाद शुरू हुआ। निगम अधिकारियों और व्यापारियों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते तीखी बहस में बदल गई। दोनों पक्ष अपने-अपने पक्ष पर अड़े रहे।


विवाद बढ़ने के बाद व्यापारियों में नाराजगी फैल गई। विरोध स्वरूप कई व्यापारियों ने अपनी दुकानों के शटर गिराने शुरू कर दिए। इससे पूरे बाजार में तनाव का माहौल बन गया और लोगों की भीड़ जमा हो गई।

दूसरी ओर, घटना से नाराज नगर निगम कर्मचारियों ने भी अपना विरोध जताया। कर्मचारियों ने कूड़े से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को बीच बाजार में पलट दिया, जिससे स्थिति और अधिक बिगड़ गई। सड़क पर कूड़ा फैलने से आवागमन भी प्रभावित हुआ।

घटना के बाद बाजार क्षेत्र में घंटों तक तनाव बना रहा। स्थानीय प्रशासन और पुलिस को स्थिति पर नजर रखनी पड़ी। व्यापारियों और निगम कर्मचारियों के बीच बढ़ते विवाद को देखते हुए प्रशासन ने दोनों पक्षों को शांत कराने के प्रयास शुरू किए।


देर शाम तक सिटी मजिस्ट्रेट और एसडीएम मौके पर डटे रहे और व्यापारियों को समझाने का प्रयास करते रहे। हालांकि पूरे घटनाक्रम को लेकर नगर निगम और प्रशासन के अधिकारी मीडिया के सामने खुलकर कुछ भी कहने से बचते नजर आए। फिलहाल मामले को शांत कराने और सामान्य स्थिति बहाल करने के प्रयास जारी हैं।

