

स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : संजय जोशी


उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मोहन पाठक को राज्य स्तरीय खेल परिषद का उपाध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर उनके समर्थकों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। इस नियुक्ति को उनके लंबे समय से किए गए सामाजिक और जनसरोकार से जुड़े कार्यों का सम्मान माना जा रहा है।


समर्थकों का कहना है कि मोहन पाठक ने राज्य निर्माण आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई थी और वे हमेशा जनहित के मुद्दों से जुड़े रहे हैं। उनका सरल और सहज स्वभाव उनकी पहचान रहा है, जिसके कारण वे जनता के बीच काफी लोकप्रिय हैं।



राज्य स्तरीय खेल परिषद का उपाध्यक्ष बनाए जाने पर मोहन पाठक ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा संगठन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वे पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे।


नियुक्ति की खबर सामने आने के बाद हल्द्वानी स्थित उनके आवास पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। बड़ी संख्या में समर्थक, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उन्हें शुभकामनाएं देने पहुंचे, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बन गया।

इस अवसर पर विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के लोगों ने भी मोहन पाठक को बधाई दी। इनमें पूर्व छात्र नेता कैलाश तिवारी, वरिष्ठ पत्रकार संजय जोशी, भाजपा नेता दिग्विजय भट्ट, मोहित कांडपाल, मनीष तिवारी, पवन जोशी और सुनील जोशी शामिल रहे।

इसके अलावा भाजपा के वरिष्ठ नेता मदन मेहरा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र बिष्ट, विहिप नेता हर्ष पंत और मोहन नेगी सहित कई अन्य लोगों ने भी उनकी नियुक्ति पर खुशी जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।


समर्थकों का कहना है कि मोहन पाठक की यह नई जिम्मेदारी राज्य में खेलों के विकास और युवाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी, और वे अपने अनुभव के आधार पर इस पद को सफलतापूर्वक संभालेंगे।

