दिल्ली में TMC में बड़ी हलचल के दावे, 14 सांसदों की बैठक को लेकर राजनीतिक अटकलें तेज

दिल्ली में TMC में बड़ी हलचल के दावे, 14 सांसदों की बैठक को लेकर राजनीतिक अटकलें तेज

ब्यरो रेपोर्ट

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार को तृणमूल कांग्रेस (TMC) से जुड़े कथित राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। सूत्रों के हवाले से सामने आई रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि पार्टी के 14 लोकसभा सांसदों की एक अहम बैठक दिल्ली में हुई, जिसके बाद राजनीतिक अटकलों का बाजार गर्म हो गया है।

सूत्रों के अनुसार यह बैठक केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के आवास पर हुई बताई जा रही है, जिसमें कई नेताओं की मौजूदगी के दावे किए जा रहे हैं। हालांकि इस बैठक को लेकर अब तक किसी भी पक्ष की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

इसी घटनाक्रम के बीच यह भी दावा किया गया कि पश्चिम बंगाल के विपक्षी नेता सुवेंदु अधिकारी भी कुछ सांसदों से मुलाकात के दौरान मौजूद रहे। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब देब के भी बैठक में शामिल होने की चर्चा सामने आई है, हालांकि इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

सूत्रों के मुताबिक, तृणमूल कांग्रेस के कुछ सांसदों और हाल ही में इस्तीफा देने वाले राज्यसभा सांसद से भी अलग-अलग मुलाकातों की बात सामने आई है। इन बैठकों में पार्टी के भीतर असंतोष और संभावित टूट को लेकर अटकलें और तेज हो गई हैं।

बताया जा रहा है कि इससे पहले टीएमसी के कुछ सांसदों ने राज्यसभा सांसद सुखेंदु शेखर रे से भी मुलाकात की थी, जिन्होंने आज ही पार्टी और राज्यसभा से इस्तीफा देने का दावा किया गया है।

इन सभी घटनाक्रमों के बीच दिल्ली में INDIA गठबंधन की महत्वपूर्ण बैठक भी चल रही है, जिसमें पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और सांसद अभिषेक बनर्जी के शामिल होने की बात कही जा रही है।

हालांकि, पूरे मामले को लेकर तस्वीर अभी स्पष्ट नहीं है और विभिन्न दावों में विरोधाभास भी नजर आ रहा है। कुछ रिपोर्ट्स में जहां इसे TMC में बड़ी टूट के संकेत के रूप में देखा जा रहा है, वहीं राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि जब तक आधिकारिक बयान नहीं आता, तब तक इन दावों की पुष्टि नहीं की जा सकती।

फिलहाल सभी की नजरें दिल्ली में जारी राजनीतिक बैठकों और संभावित आधिकारिक प्रतिक्रियाओं पर टिकी हुई हैं, जिनसे आने वाले घंटों में स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।