‘गांव का गौरव सम्मान समारोह’ में प्रतिभाओं का सम्मान, जनसमस्याओं के समाधान का भरोसा

‘गांव का गौरव सम्मान समारोह’ में प्रतिभाओं का सम्मान, जनसमस्याओं के समाधान का भरोसा

स्थान : कालाढूंगी
ब्यरो रेपोर्ट

कालाढूंगी नगर में आयोजित “गांव का गौरव सम्मान समारोह” कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। एक निजी बैंक्वेट हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, ग्रामवासी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। समारोह का आयोजन भाजपा नेता मनोज पाठक द्वारा किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा नेता मनोज पाठक ने कहा कि उनके द्वारा “गांव का गौरव सम्मान समारोह” नामक अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के नगर और ग्रामीण इलाकों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि समाज के विभिन्न वर्गों में सराहनीय कार्य करने वाले लोगों को इस कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। इनमें आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ती, वरिष्ठ नागरिक, स्कूली बच्चे, समाजसेवी, डॉक्टर, शिक्षक, महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं तथा सफाई नायक शामिल रहे।

मनोज पाठक ने कहा कि ऐसे लोगों को सम्मानित करने का उद्देश्य उनके कार्यों को पहचान दिलाना और उन्हें समाज सेवा के लिए और अधिक प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि समाज के विकास में इन सभी वर्गों का महत्वपूर्ण योगदान है, जिसे सम्मान मिलना आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याएं भी भाजपा नेता के समक्ष रखीं। मनोज पाठक ने बताया कि कुछ समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि अन्य समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों और प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत की जाएगी।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर हल कराने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने नगर में एक कोचिंग संस्थान खोलने की मांग भी रखी, ताकि क्षेत्र के युवाओं को बेहतर शैक्षिक सुविधाएं मिल सकें।

मनोज पाठक ने कहा कि इस मांग को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री से वार्ता की जाएगी और युवाओं के हित में सकारात्मक पहल करने का प्रयास होगा। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता गोपाल बुधलाकोटी, सभासद हरीश मेहरा सहित सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।