

स्थान : देहरादून
ब्यरो रेपोर्ट


राजधानी देहरादून से सटे डोईवाला विधानसभा क्षेत्र में गडूल–इठारना मार्ग का निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा हुआ है। सड़क नहीं बनने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अब ग्रामीणों का सब्र जवाब देने लगा है और उन्होंने आंदोलन की राह अपनाने की चेतावनी दी है।


गडूल के प्रधान प्रतिनिधि धर्मेंद्र रावत ने बताया कि सड़क निर्माण को लेकर कई बार शासन और प्रशासन से गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। उनका आरोप है कि पीएमजीएसवाई के तहत कार्य कर रहे ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य को लगातार लटकाया जा रहा है।



ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है। बरसात के मौसम में लोगों को और अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। स्कूली बच्चों, मरीजों और दैनिक यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है।


स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्रीय विधायक ने भी सड़क निर्माण में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की बात कही थी। इसके बावजूद निर्माण कार्य में अपेक्षित तेजी नहीं आ सकी है, जिससे जनता में असंतोष बढ़ता जा रहा है।
हाल ही में क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे राज्यमंत्री कर्नल अजय कोठियाल ने भी ग्रामीणों से मुलाकात की और उन्हें सड़क निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है और संबंधित अधिकारियों से इस संबंध में बातचीत की जाएगी।

प्रधान प्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता धर्मेंद्र रावत ने कहा कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ और लोगों की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्र की जनता आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी। उन्होंने कहा कि लंबे समय से केवल आश्वासन मिल रहे हैं, जबकि धरातल पर कोई ठोस कार्य दिखाई नहीं दे रहा है।


ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि गडूल–इठारना मार्ग का निर्माण शीघ्र पूरा कराया जाए। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे सड़क पर उतरकर चक्का जाम और व्यापक जनआंदोलन शुरू करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित विभाग की होगी।

