

स्थान : खटीमा
रिपोर्टर : अशोक सरकार


अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा विश्व विख्यात कैंसर सर्जन डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया का शनिवार को खटीमा में भव्य प्रवास रहा। इस अवसर पर स्वास्तिक अस्पताल के निकट सुनैना मंडप में एक विशाल हिंदू सभा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।


कार्यक्रम का शुभारंभ “धर्मो रक्षति रक्षितः” के जयघोष के साथ किया गया, जिससे पूरा वातावरण धर्म और संस्कृति के संदेश से गुंजायमान हो उठा। आयोजन में मौजूद जनसमूह ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।



अपने ओजस्वी संबोधन में डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया ने कहा कि समाज और राष्ट्र की मजबूती के लिए एकजुटता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने “एक ही हिंदू – सुरक्षित ही हिंदू – समृद्ध ही हिंदू” का संदेश देते हुए सामाजिक संगठन और जागरूकता पर जोर दिया।


उन्होंने अपने संबोधन में यह भी कहा कि वर्तमान समय में सनातन धर्म की रक्षा, सांस्कृतिक मूल्यों का संरक्षण और राष्ट्र निर्माण के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने तीन बच्चों के पालन को लेकर भी अपने विचार व्यक्त किए और जनसंख्या संतुलन पर जोर दिया।

डॉ. तोगड़िया ने कहा कि हिंदू समाज की एकता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है और इसी एकता के माध्यम से सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक सशक्तिकरण संभव है।

उन्होंने हिंदू बहनों की सुरक्षा को भी एक महत्वपूर्ण विषय बताते हुए समाज से इस दिशा में जागरूक और संगठित रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए समाज हित में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।


कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने डॉ. तोगड़िया के विचारों का समर्थन करते हुए हिंदू समाज की एकता, सुरक्षा और समृद्धि के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। सभा में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

