नवागांव में दूषित पानी से बच्चों की तबीयत बिगड़ी, ASP नेता ने की कार्रवाई की मांग

नवागांव में दूषित पानी से बच्चों की तबीयत बिगड़ी, ASP नेता ने की कार्रवाई की मांग

स्थान : सितारगंज
रिपोर्टर : तनवीर आंसरी

सितारगंज शहर के समीप स्थित नवागांव में पेयजल संकट और कथित रूप से दूषित पानी के सेवन से बच्चों के बीमार होने का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। गांव में मौजूद पानी की टंकी का पानी पीने के बाद कई बच्चों की तबीयत अचानक खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

मामले ने उस समय गंभीर रूप ले लिया जब 14 वर्षीय किशोर अल्तमस की दिल्ली में उपचार के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश और चिंता का माहौल है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।

घटना की जानकारी मिलने पर आजाद समाज पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार नवागांव पहुंचे और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाते हुए उनकी समस्याओं को सुना।

सत्येंद्र कुमार ने बताया कि उन्होंने मामले को लेकर संबंधित अधिकारियों से वार्ता की, जिसके बाद चिकित्सकों की टीम गांव पहुंची और बीमार बच्चों के स्वास्थ्य की जांच शुरू की। स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीणों की निगरानी भी की जा रही है।

उन्होंने कहा कि गांव में मौजूद पानी की टंकी की सफाई और मरम्मत का कार्य भी शुरू करा दिया गया है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। ग्रामीण लंबे समय से पेयजल व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे थे।

सत्येंद्र कुमार ने आरोप लगाया कि घटना के बावजूद कोई जनप्रतिनिधि पीड़ित गांव का हाल जानने नहीं पहुंचा। उन्होंने क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा पर भी पीड़ित परिवारों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि क्षेत्र के लोगों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पीड़ित परिवारों को शीघ्र न्याय नहीं मिला और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, तो आगे की रणनीति तैयार कर व्यापक आंदोलन किया जाएगा। साथ ही उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग भी उठाई।