

स्थान : रानीखेत
रिपोर्ट : संजय जोशी


उत्तराखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य शनिवार को रानीखेत पहुंचे। इस दौरान उन्होंने वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता त्रिभुवन शर्मा ‘राजू भाई’ के आवास पर पहुंचकर उनके पुत्र स्वर्गीय कार्तिकेय शर्मा के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।


ज्ञात हो कि कार्तिकेय शर्मा का कुछ दिन पूर्व एक सड़क दुर्घटना में निधन हो गया था। इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। स्थानीय लोग और राजनीतिक कार्यकर्ता लगातार शोक संतप्त परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।


नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने परिवार से भेंट कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा इस कठिन समय में धैर्य और साहस बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी परिवार के लिए यह अपूरणीय क्षति है, जिसे शब्दों में व्यक्त करना कठिन है।

उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि प्रभु शोकाकुल परिवार को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। आर्य ने कहा कि कार्तिकेय शर्मा का असमय निधन अत्यंत पीड़ादायक है और उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी।
इस अवसर पर स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता और अन्य शुभचिंतक भी मौजूद रहे। सभी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।

वरिष्ठ पत्रकार संजय जोशी ने भी कार्तिकेय शर्मा के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया और शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर शोक का माहौल बना हुआ है।



