

स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्ट : संजय जोशी

रामपुर रोड स्थित जीतपुर नेगी क्षेत्र में देर रात एक स्टोर में भीषण आग लगने से दो कर्मचारियों की दर्दनाक मौत हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे स्टोर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे भारी नुकसान हुआ और इलाके में हड़कंप मच गया।


जानकारी के अनुसार यह घटना रात करीब 11:30 बजे की है, जब स्टोर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। घटना की सूचना तत्काल 112 नंबर पर पुलिस प्रशासन को दी गई, जिसके बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं।



सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दमकल कर्मियों ने शटर तोड़कर आग बुझाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, हालांकि तब तक स्टोर पूरी तरह जल चुका था।


अग्निकांड में स्टोर के भीतर सो रहे दो कर्मचारियों की जलने और दम घुटने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान गोलापार निवासी नरेंद्र और पंचायत घर निवासी अमित के रूप में हुई है।

बताया गया कि आग लगने के समय स्टोर बंद था और भीतर कर्मचारी मौजूद थे। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि वे बाहर निकल नहीं सके। इस दौरान आग बुझाने के प्रयास में कुछ लोग झुलस भी गए।

आग लगने से स्टोर में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। इसके अलावा चार्जिंग पर लगी एक स्कूटी और एक टेंपो भी पूरी तरह जल गए, जिससे नुकसान और बढ़ गया।


घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मनोज कत्याल ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है तथा सभी पहलुओं पर गहनता से छानबीन की जा रही है।

