हरिद्वार में गंगनहर में गिरी बुजुर्ग महिला का रेस्क्यू, युवक और पुलिस की तत्परता से बची जान

हरिद्वार में गंगनहर में गिरी बुजुर्ग महिला का रेस्क्यू, युवक और पुलिस की तत्परता से बची जान

स्थान : हरिद्वार
ब्यरो रेपोर्ट

हरिद्वार में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक बुजुर्ग महिला संतुलन बिगड़ने के कारण गंगनहर के गहरे पानी में जा गिरी और तेज बहाव में करीब एक किलोमीटर तक बहती चली गई। इस दौरान स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से महिला की जान बचाई जा सकी।

जानकारी के अनुसार महिला अचानक गंगनहर किनारे अपना संतुलन खो बैठी और पानी में गिर गई। तेज बहाव के कारण वह कुछ ही क्षणों में काफी दूर तक बह गई, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

इसी दौरान एक युवक की नजर महिला पर पड़ी, जिसने बिना देर किए तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी। युवक की सतर्कता और समय पर दी गई जानकारी ने रेस्क्यू अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने महिला को बचाने के लिए रस्सी का सहारा दिया और स्थानीय लोगों की मदद से उसे सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया गया।

काफी मशक्कत के बाद पुलिस और स्थानीय नागरिकों ने मिलकर महिला को गंगनहर से सकुशल बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू के बाद महिला को प्राथमिक सहायता दी गई और बाद में उसे सुरक्षित रूप से उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें रेस्क्यू ऑपरेशन और लोगों की मदद के दृश्य देखे जा सकते हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस और सूचना देने वाले युवक अंकित की जमकर सराहना की जा रही है।

स्थानीय लोगों ने कहा कि यदि समय पर सूचना और त्वरित कार्रवाई नहीं होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस ने भी युवक अंकित की तत्परता की प्रशंसा करते हुए कहा कि उसकी सतर्कता के कारण एक अनमोल जीवन बच सका।