तिरंगे के कथित अपमान के विरोध में प्रदर्शन, ट्रंप सरकार का पुतला फूंका

तिरंगे के कथित अपमान के विरोध में प्रदर्शन, ट्रंप सरकार का पुतला फूंका

स्थान : सितारगंज
ब्यरो रेपोर्ट

अमेरिका में भारतीय राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के कथित अपमान की घटना के विरोध में नगर के मुख्य चौक पर सर्व समाज के लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए अमेरिका के खिलाफ नारेबाजी की और विरोध स्वरूप ट्रंप सरकार का पुतला दहन किया।

पुतला दहन कार्यक्रम से पूर्व बड़ी संख्या में लोग मुख्य चौक पर एकत्रित हुए और विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रीय सम्मान की रक्षा के लिए आवाज बुलंद की तथा घटना की निंदा की।

वक्ताओं ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। यह प्रत्येक भारतीय के गौरव, सम्मान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है, इसलिए इसका अपमान किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि अमेरिका के टेक्सास राज्य में एक महिला द्वारा भारतीय तिरंगे को कथित रूप से फाड़कर अपमानित किए जाने की घटना से देशवासियों की भावनाएं आहत हुई हैं। इस घटना को लेकर लोगों में रोष व्याप्त है।

वक्ताओं ने कहा कि विदेशों में भारतीय राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि तिरंगे का अपमान केवल एक ध्वज का अपमान नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य है।

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने भारत सरकार से मामले का संज्ञान लेने और उचित स्तर पर विरोध दर्ज कराने की मांग की। साथ ही उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

कार्यक्रम के अंत में प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देश की एकता अखंडता की रक्षा का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि तिरंगे का सम्मान प्रत्येक भारतीय की जिम्मेदारी है और उसके गौरव की रक्षा के लिए देशवासी हमेशा एकजुट रहेंगे।