

स्थान : मसूरी
ब्यरो रेपोर्ट


पर्यटन सीजन शुरू होते ही पहाड़ों की रानी मसूरी में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ गई है। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग और अनुशासनहीनता की घटनाएं भी सामने आने लगी हैं। शुक्रवार देर रात माल रोड पर कुछ युवकों द्वारा नशे की हालत में उत्पात मचाने का मामला सामने आया है।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ युवक एक कार में सवार होकर माल रोड क्षेत्र में घूम रहे थे। इस दौरान एक युवक अर्धनग्न अवस्था में कार की छत पर बैठा हुआ था और हाथ में शराब की बोतल लहराते हुए दिखाई दिया। उसके साथी भी तेज आवाज में शोर-शराबा करते नजर आए।


बताया गया कि युवक यूके-17 डब्ल्यू-3081 नंबर की कार में सवार थे। घटना के समय माल रोड पर बड़ी संख्या में पर्यटक, महिलाएं और परिवार मौजूद थे, जिससे लोगों में असहजता और नाराजगी देखने को मिली।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पर्यटन सीजन के दौरान इस प्रकार की घटनाएं कानून व्यवस्था और सार्वजनिक सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर नशे की हालत में इस तरह का व्यवहार स्वीकार्य नहीं है।
घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने मसूरी पुलिस की रात्रिकालीन गश्त और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि पर्यटन सीजन में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी तथा सख्त बनाया जाना चाहिए।

नागरिकों ने आशंका जताई कि यदि ऐसे तत्वों पर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा या अप्रिय घटना भी हो सकती है। उन्होंने पुलिस से ऐसे मामलों पर तत्काल और सख्त कार्रवाई की मांग की है।


स्थानीय लोगों ने माल रोड, लाइब्रेरी चौक और पिक्चर पैलेस क्षेत्र में पुलिस की नियमित गश्त बढ़ाने तथा सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग और नशाखोरी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि ऐसी घटनाएं न केवल स्थानीय लोगों को परेशान करती हैं, बल्कि मसूरी की पर्यटन छवि को भी नुकसान पहुंचाती हैं।

