अलकनंदा नदी तट पर फंसे किशोर को एसडीआरएफ ने सकुशल बचाया

अलकनंदा नदी तट पर फंसे किशोर को एसडीआरएफ ने सकुशल बचाया

स्थान : चमोली
ब्यरो रेपोर्ट

जनपद चमोली के जोशीमठ क्षेत्र में अलकनंदा नदी के तट पर फंसे एक किशोर को एसडीआरएफ, फायर सर्विस और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने सफल रेस्क्यू अभियान चलाकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। किशोर के सकुशल रेस्क्यू होने से परिजनों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

जानकारी के अनुसार आदर्श पुत्र बलवंत सिंह (15 वर्ष), निवासी ग्राम सुखी भल्ला, तपोवन, जनपद चमोली, विष्णुप्रयाग के निकट चुनार गांव क्षेत्र में अलकनंदा नदी किनारे एक अत्यंत दुर्गम स्थान पर फंस गया था। इसकी सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट जोशीमठ की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।

एसडीआरएफ टीम निरीक्षक कर्ण सिंह के नेतृत्व में आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची। किशोर जिस स्थान पर फंसा था, वहां तक पहुंचना काफी चुनौतीपूर्ण था और टीम को कंटीली झाड़ियों, ऊबड़-खाबड़ रास्तों तथा कठिन भू-भाग से होकर गुजरना पड़ा।

घटनास्थल पर पहुंचने के बाद एसडीआरएफ, फायर सर्विस और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने समन्वय के साथ रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम ने सावधानी और सूझबूझ का परिचय देते हुए नदी तट तक सुरक्षित पहुंच बनाई।

बचाव दल ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद किशोर तक पहुंचकर उसे सुरक्षित अपने साथ लिया और उसे सकुशल सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया। पूरे अभियान के दौरान टीम ने उच्च स्तर की पेशेवर दक्षता और साहस का प्रदर्शन किया।

रेस्क्यू के बाद किशोर की स्वास्थ्य स्थिति सामान्य पाई गई। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस द्वारा उसके परिजनों के पहुंचने तक आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

इस सफल जीवन रक्षा अभियान में एसडीआरएफ, फायर सर्विस और जिला पुलिस के जवानों ने मिलकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्थानीय लोगों ने बचाव दल की तत्परता और साहस की सराहना करते हुए टीम के प्रयासों को सराहनीय बताया।