विश्व पर्यावरण दिवस पर परिवहन विभाग का विशेष अभियान, प्रदूषण नियंत्रण और सड़क सुरक्षा पर दिया जोर

विश्व पर्यावरण दिवस पर परिवहन विभाग का विशेष अभियान, प्रदूषण नियंत्रण और सड़क सुरक्षा पर दिया जोर

स्थान : देहरादून
ब्यरो रेपोर्ट

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर परिवहन विभाग, देहरादून द्वारा पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण, ईंधन संरक्षण और सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) डॉ. अनीता चमोला के निर्देशन में संचालित किया गया।

अभियान के तहत जनपद देहरादून के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों की सघन जांच की गई। प्रवर्तन अधिकारियों ने वाहनों के प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्रों की जांच करते हुए वाहन चालकों को स्वच्छ पर्यावरण और प्रदूषण नियंत्रण के प्रति जागरूक किया।

जांच के दौरान जिन वाहनों के पास वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं पाया गया, उन्हें नियमानुसार नोटिस जारी किए गए। साथ ही वाहन स्वामियों को शीघ्र प्रदूषण परीक्षण कराने और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

परिवहन विभाग की टीमों ने जिले के विभिन्न प्रदूषण जांच केंद्रों का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपकरणों की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रखरखाव, प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया तथा निर्धारित मानकों के अनुपालन की बारीकी से जांच की गई। केंद्र संचालकों को पारदर्शिता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।

अभियान के दौरान वाहन चालकों को नियमित वाहन सर्विसिंग, उचित टायर प्रेशर बनाए रखने, अनावश्यक रूप से इंजन चालू न रखने और ईंधन बचत के उपायों के बारे में भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि नियमित रखरखाव से प्रदूषण कम होता है और वाहन की कार्यक्षमता में भी सुधार आता है।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर डॉ. अनीता चमोला ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था एक-दूसरे के पूरक हैं तथा नियमित प्रदूषण परीक्षण, सड़क सुरक्षा नियमों का पालन और ईंधन संरक्षण की आदतें समाज को स्वस्थ और सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

अपर परिवहन आयुक्त उत्तराखंड सनत कुमार सिंह ने अपने संदेश में प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने, सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने तथा वाहनों को निर्धारित प्रदूषण मानकों के अनुरूप बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण एक सामूहिक जिम्मेदारी है और परिवहन विभाग भविष्य में भी सड़क सुरक्षा, प्रदूषण नियंत्रण, ईंधन संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के लिए ऐसे विशेष अभियान नियमित रूप से चलाता रहेगा।