

स्थान : देहरादून
ब्यरो रेपोर्ट


उत्तराखंड में मतदाता सूची को अद्यतन और शुद्ध बनाने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान शुरू कर दिया गया है। इस संबंध में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने विस्तृत जानकारी देते हुए अभियान की रूपरेखा साझा की।


उन्होंने बताया कि 8 जून से 7 जुलाई तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित करेंगे और उन्हें भरवाने का कार्य करेंगे। इस दौरान प्रदेश के 79 लाख 60 हजार 762 मतदाताओं तक पहुंचने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।



डॉ. जोगदंडे ने कहा कि यदि किसी मतदाता से पहली बार संपर्क नहीं हो पाता है तो बीएलओ तीन बार उसके घर जाकर संपर्क स्थापित करने का प्रयास करेंगे, ताकि कोई भी पात्र मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित न रह जाए।

मतदाताओं की सुविधा के लिए निर्वाचन आयोग ने “बुक ए कॉल विद बीएलओ” सुविधा भी शुरू की है। इसके माध्यम से मतदाता वेबसाइट और मोबाइल ऐप के जरिए एक क्लिक में अपने क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क के लिए कॉल बुक कर सकते हैं। कॉल बुक होने के दो दिनों के भीतर संबंधित बीएलओ स्वयं मतदाता से संपर्क करेगा।
निर्वाचन विभाग ने वर्ष 2003 की मतदाता सूची भी सार्वजनिक कर दी है। मतदाता मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड की वेबसाइट पर जाकर अपने नाम, पिता या पति के नाम तथा गली-मोहल्ले के आधार पर जानकारी खोज सकते हैं।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 14 जुलाई को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर दिया जाएगा, ताकि सूची में आवश्यक संशोधन किए जा सकें।


उन्होंने कहा कि 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी, जबकि 1 जुलाई 2026 को अर्हता तिथि माना जाएगा। एसआईआर अभियान को सफल बनाने के लिए राजनीतिक दलों के साथ भी बैठक की गई है। प्रदेश के 11,733 मतदान केंद्रों पर विभिन्न दलों द्वारा 22,823 बूथ लेवल एजेंट तैनात किए जा चुके हैं।

