

स्थान : नरेंद्र नगर (टिहरी गढ़वाल)
ब्यरो रेपोर्ट


नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर में आगामी 9 जून को मतदान और 11 जून को मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनावी माहौल के बीच अध्यक्ष पद को लेकर राजनीतिक गतिविधियां भी लगातार चर्चा का विषय बनी हुई हैं।


अध्यक्ष पद पर कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र सिंह गुसाईं का नामांकन निरस्त होने के बाद भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया जा चुका है। हालांकि कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र गुसाईं ने अपने नामांकन को कथित साजिश के तहत निरस्त किए जाने का आरोप लगाते हुए 2 जून को नैनीताल हाईकोर्ट में याचिका दायर की है।



हाईकोर्ट में दायर याचिका के फैसले का क्षेत्र की जनता और राजनीतिक दलों को बेसब्री से इंतजार है। चुनावी माहौल में यह मामला लगातार चर्चा का केंद्र बना हुआ है और इसके परिणाम पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।


सात वार्डों वाली नगर पालिका में भाजपा और कांग्रेस ने सभी सातों वार्डों में अपने अपने प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं। वहीं उत्तराखंड क्रांति दल ने केवल वार्ड नंबर एक किनवाणी से कल्पना को अपना उम्मीदवार बनाया है।
सभासद पदों के चुनाव में अभी तक भाजपा और कांग्रेस का प्रचार अपेक्षाकृत धीमा नजर आ रहा है। दोनों दल घर-घर संपर्क अभियान चलाकर मतदाताओं तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन बड़े स्तर पर चुनावी गतिविधियां दिखाई नहीं दे रही हैं।

दूसरी ओर उत्तराखंड क्रांति दल ने वार्ड नंबर एक में चुनाव प्रचार को गति देते हुए कुमार खेड़ा क्षेत्र में नुक्कड़ सभा आयोजित की। सभा के दौरान पार्टी नेताओं ने मतदाताओं से यूकेडी प्रत्याशी कल्पना को विजयी बनाने की अपील की और पार्टी की नीतियों को जनता के सामने रखा।


सभा को संबोधित करते हुए यूकेडी नेताओं ने विभिन्न राजनीतिक और जनसरोकार के मुद्दों को उठाया तथा क्षेत्र में बदलाव के लिए अपने प्रत्याशी के समर्थन की अपील की। इस अवसर पर केंद्रीय उपाध्यक्ष एडवोकेट आशुतोष नेगी, केंद्रीय महासचिव विकास चंद्र रयाल, जिलाध्यक्ष डीडी पंत, सेवानिवृत्त मेजर संतोष भंडारी, प्रमिला रावत, हीरा सिंह फर्सुवाण, गब्बर सिंह नेगी, सूबेदार देवेंद्र उनियाल और वीर सिंह पंवार सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

