सिडकुल में श्रमिक प्रदर्शन के बाद पुलिस सतर्क, आईजी ने बनाई सख्त रणनीति

सिडकुल में श्रमिक प्रदर्शन के बाद पुलिस सतर्क, आईजी ने बनाई सख्त रणनीति

स्थान : हरिद्वार
ब्यरो रेपोर्ट

हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र में पिछले दिनों औद्योगिक इकाइयों के कामगारों द्वारा किए गए प्रदर्शन के बाद पुलिस प्रशासन ने भविष्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप हरिद्वार पहुंचे और जिला पुलिस अधिकारियों के साथ विस्तृत क्राइम मीटिंग की।

बैठक के दौरान जिले की कानून व्यवस्था, औद्योगिक क्षेत्रों की सुरक्षा और श्रमिक आंदोलनों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और समय रहते समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए गए।

आईजी राजीव स्वरूप और एसएसपी ने सिडकुल क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों के पदाधिकारियों तथा फैक्ट्री संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ भी बैठक की। इस दौरान औद्योगिक इकाइयों में श्रमिकों से जुड़े मुद्दों और उनकी समस्याओं पर विचार-विमर्श किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने फैक्ट्री प्रबंधन से श्रम कानूनों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों के अधिकारों और सुविधाओं से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही भविष्य में विवाद का कारण बन सकती है।

बैठक में यह भी कहा गया कि श्रमिकों की समस्याओं का समाधान संवाद और नियमों के अनुरूप किया जाना चाहिए, ताकि किसी प्रकार के विरोध प्रदर्शन या तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो। प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

पुलिस ने फैक्ट्री संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कर्मचारियों में असंतोष बढ़ने के कारण कानून व्यवस्था की स्थिति प्रभावित होती है तो संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। प्रशासन किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को गंभीरता से लेगा।

आईजी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि औद्योगिक क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए और किसी भी संभावित विवाद की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जाए। पुलिस का उद्देश्य श्रमिकों और उद्योगों के बीच संतुलन बनाए रखते हुए क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है।